संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र (UNGA81) के दौरान न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए भारत के तीन युवा पैरोकारों (advocates) ने युवजन की भागेदारी, जलवायु कार्रवाई और सतत विकास से जुड़े मुद्दों को वैश्विक मंच पर प्रमुखता से उठाया.
भारत में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की युवा चैम्पियन संजना सांघी, युवा जलवायु चैम्पियन प्राजक्ता कोली और टिकाऊ विकास लक्ष्यों (SDGs) की पैरोकार, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने अलग-अलग मंचों पर एक साझा सन्देश दिया: युवजन को केवल विकास का लाभार्थी नहीं, बल्कि बदलाव का भागीदार बनाना होगा.
युवा चैम्पियन संजना सांघी ने 16 सितम्बर को UNDP प्रशासक ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू, एशिया-प्रशान्त के लिए UNDP क्षेत्रीय निदेशक कन्नी विग्नाराजा समेत अन्य प्रतिनिधियों के साथ एक सम्वाद में हिस्सा लिया, जिसमें एशिया प्रशान्त क्षेत्र में युवाओं के लिए बदलती परिस्थितियों पर चर्चा हुई.
संजना ने 'Youth Co' नामक पहल के साथ अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को अधिक अवसर, अधिकार और उनके जीवन से जुड़े निर्णयों में भागेदारी देनी होगी.
UNDP और Citi Foundation की संयुक्त पहल Youth Co के ज़रिए, एशिया-प्रशान्त क्षेत्र में युवा उद्यमियों को मार्गदर्शन, कौशल विकास, वित्तीय सहायता और सीख के अवसर मुहैया कराए जाते हैं.
21 सितम्बर को 'अन्तरराष्ट्रीय शान्ति दिवस' के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित शान्ति सम्वाद, ‘हमारी सुनें, शान्तिपूर्ण दुनिया के लिए अब कार्रवाई करें’ में शिक्षा और स्वास्थ्य सहित युवजन में अधिक निवेश किए जाने पर ज़ोर दिया गया.
भारत में UNDP की युवा जलवायु चैम्पियन प्राजक्ता कोली ने वैश्विक मंच पर भारतीय युवाओं का प्रतिनिधित्व किया. वह टिकाऊ विकास लक्ष्यों पर 2026 संयुक्त राष्ट्र SDG कार्रवाई पुरस्कार के निर्णायक मंडल में शामिल होने वाली पहली भारतीय बनी हैं.
इस पुरस्कार से उन लोगों और पहलों को सम्मानित किया जाता है, जो रचनात्मकता, नवाचार और सामूहिक प्रयासों के ज़रिए सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ा रहे हैं.
युवा जलवायु चैम्पियन के रूप में प्राजक्ता, जलवायु कार्रवाई और टिकाऊ विकास से युवजन को जोड़ने के लिए अपने मंच का इस्तेमाल करती रही हैं.
संजना सांघी ने भी जलवायु परिवर्तन के विषय पर एक अन्य चर्चा में हिस्सा लिया, जिसमें भारत की जलवायु अर्थव्यवस्था, हरित विकास, कार्बन उत्सर्जन में कटौती, वित्तीय संसाधन जुटाने और न्यायसंगत ऊर्जा बदलाव पर ज़ोर रहा.
UNDP पैरोकार, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने टिकाऊ विकास लक्ष्यों के मुद्दे पर जलवायु कार्रवाई के लिए सन्देश को साझा किया.
उन्होंने अपने एक वीडियो के ज़रिए जलवायु कार्रवाई में तत्काल तेज़ी लाने और पृथ्वी की रक्षा में हर व्यक्ति की भूमिका पर ज़ोर दिया.
इस मुहिम में भूमि पेडनेकर की शिरकत, यूएनडीपी के उस प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें संस्कृति, कहानी और सार्वजनिक मंचों के ज़रिए सतत विकास लक्ष्यों के लिए समाधानों में लोगों को शामिल करने पर बल दिया जाता है.