विश्व भर में बढ़ती खाद्य असुरक्षा और भूख संकट से निपटने के लिए सबसे कारगर उपाय यह है कि हिंसक टकरावों और युद्धों पर लगाम कसी जाए. विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के नए प्रमुख लूक लिंडबर्ग ने इस सप्ताह यह दायित्व सम्भालने के बाद बुधवार को न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में अपनी पहली पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही.
उन्होंने बताया कि हिंसक संघर्ष से ग्रस्त इलाक़ों में फँसे 26.6 करोड़ लोगों के पास भरपेट भोजन नहीं है. “यह एक मानव-निर्मित स्थिति है. और यह कुछ ऐसा है जिसका हम हल निकाल सकते हैं.”
इसके अलावा, जलवायु प्रभाव 'अल नीन्यो' की वजह से 4.9 करोड़ अतिरिक्त लोग खाद्य असुरक्षा की चपेट में आ सकते हैं, चूंकि इससे तापमान बढ़ने, सूखा, बाढ़ समेत चरम मौसम घटनाओं की आशंका है. यह ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक सप्लाई चेन पर पहले से ही दबाव है, और मानवीय सहायता आपूर्ति में अवरोधों की वजह से संकट गहरा रहा है.
उन्होंने कहा कि WFP को बड़ी घोषणाओं की आवश्यकता नहीं है, लेकिन तीन अहम प्राथमिकताओं के आधार पर राहत प्रयासों को अमल में लाना होगा:
पिछले कुछ वर्षों में, ज़रूरतमन्दों तक मानवीय सहायता पहुँचाने में जुटे 700 से अधिक राहतकर्मियों की जान जा चुकी है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी अन्य की ज़िन्दगी को बचाने की कोशिश में किसी की भी जान नहीं जानी चाहिए.
WFP के नए कार्यकारी निदेशक ने आपदाओं से निपटने की तैयारियों में निवेश जारी रखने का संकल्प लिया, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) समेत टैक्नॉलॉजी उपायों का सहारा लिया जाएगा.
लूक लिंडबर्ग ने कहा कि वह कुछ ही सप्ताह के भीतर सूडान की यात्रा पर जाएंगे, जहाँ वह अग्रिम मोर्चे पर डटे राहतकर्मियों का आभार प्रकट करेंगे, जो दुनिया में सबसे चुनौतीपूर्ण स्थान पर रहकर प्रयासों में जुटे हैं.
उन्होंने बताया कि फ़िलहाल यूएन खाद्य कार्यक्रम, सूडान, दक्षिण सूडान और सोमालिया पर ध्यान केन्द्रित कर रहा है. अल्प अवधि के लिए अकाल को नहीं होने दिया जाएगा.
वहीं, ग़ाज़ा में भूखे पेट सो रहे लोगों की स्थिति अस्वीकार्य है, जहाँ WFP के पास सहायता मार्ग उपलब्ध है, लेकिन वित्तीय संसाधनों की कमी की वजह से मदद रोकनी पड़ी है.
लूक लिंडबर्ग ने कहा कि अमेरिका, यूएन खाद्य कार्यक्रम को सबसे अधिक मात्रा में वित्तीय समर्थन मुहैया कराता है, जबकि निजी सैक्टर योगदान के मामले में पाँचवे स्थान पर है. इस दायित्व को कोई भी अकेले नहीं निभा सकता है.
लूक लिंडबर्ग से पहले सिंडी मैक्केन ने अप्रैल 2023 से मई 2026 तक यह पदभार सम्भाला, जिसके बाद से कार्ल स्काउ कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक के रूप में सेवारत थे.