विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने बीते सप्ताहांत, सूडान में दो मानवीय सहायता ट्रकों पर हुए घातक हवाई हमले की निन्दा की है, जिसमें एक वाहन चालक की मौत हुई है.
यह घटना शनिवार को देश के दक्षिण कोर्दोफ़ान प्रान्त में हुई, जब खाद्य सामग्री से लदे हुए ट्रक डिलिंग और कडूग्ली के बीच आवाजाही कर रहे थे. यूएन एजेंसी ने अपने एक वक्तव्य में बताया है कि इन ट्रकों पर स्पष्ट रूप से चिन्हित किया गया था कि वे मानवीय सहायता के लिए हैं.
WFP ने इस घटना की जल्द से जल्द निष्पक्ष जाँच कराए जाने का आग्रह किया है और दोषियों की जवाबदेही तय किए जाने की मांग की है.
इस घटना से एक दिन पहले ही, यूएन खाद्य कार्यक्रम का एक अन्य ट्रक डिलिंग में, खाद्य सहायता की आपूर्ति करने के बाद लौटते समय विस्फोटकों की चपेट में आ गया था.
यूएन एजेंसी ने चिन्ता जताई है कि ये घटनाएँ, सूडान में चुनौतीपूर्ण सुरक्षा हालात को दर्शाती हैं और उन जोखिमों को, जिनका सामना करते हुए मानवीय सहायताकर्मी ज़रूरतमन्द समुदायों तक मदद पहुँचा रहे हैं. WFP ने सूडान के विभिन्न हिस्सों में लाखों-करोड़ों लोगों तक जीवनरक्षक सहायता पहुँचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है.
सूडान में सशस्त्र सेना और अतीत में उसके सहयोगी रहे त्वरित समर्थन बल (RSF) के बीच अप्रैल 2023 में देश पर नियंत्रण के मुद्दे पर मतभेदों की वजह से गृहयुद्ध भड़क उठा था, जिससे देश में एक विशाल मानवीय संकट उपजा.
यूएन का अनुमान है कि वर्ष 2025 में, सूडान में तीन करोड़ से अधिक लोगों को सहायता की आवश्यकता थी.
इस युद्ध के कारण अब तक 1.30 करोड़ से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं, लाखों लोगों को भरपेट भोजन नहीं मिल पा रहा है, जबकि देश के बड़े हिस्सों में मानवीय सहायता पहुँचाना बेहद सीमित हो गया है.
WFP ने सभी युद्धरत पक्षों से आग्रह किया है कि अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून के तहत अपने तयशुदा दायित्वों का सम्मान किया जाना होगा, आम नागरिकों व असैन्य बुनियादी ढाँचे की रक्षा की जानी होगी और मानवीय सहायताकर्मियों व राहत सामग्री से लदे वाहनों को बेरोकटोक रास्ता मुहैया कराया जाना होगा.