राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है जहां बुधवार रात फतेहपुर कस्बे में सबसे कम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात सीकर शहर में न्यूनतम तापमान एक डिग्री रहा जबकि चूरू और करौली में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं राज्य के पिलानी में रात का तापमान 2.6 डिग्री, अलवर में तीन डिग्री सेल्सियस, डबोक (उदयपुर) में 5.1 डिग्री, अजमेर और भीलवाड़ा में 5.9 डिग्री, वनस्थली (टोंक) में 6.6 डिग्री, जयपुर में 6.8 डिग्री, जैसलमेर में 7.8 डिग्री और बाड़मेर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर भीषण शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदल रहा है। आज सुबह राजधानी में घना कोहरा और कोल्ट वेव का प्रकोप देखा गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले दिल्ली का तापमान 8 डिग्री था, लेकिन कोल्ड वेव के चलते यह और भी गिर गया। 27 साल बाद इस समय दिल्ली में शीतलहर का दौर पहले ही शुरू हो गया है।
बतादें दिल्ली में शीतलहर का असर अगले 2 दिनों तक बने रहने की संभावना जताई जा रही है। IMD ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है, जिससे लोगों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान, घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो रही है, जिससे सड़क परिवहन पर असर पड़ रहा है।