आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। वसूली मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली जमानत के बाद दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने उन्हें मकोका मामले में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें क्राइम ब्रांच के ऑफिस ले गई है।
नरेश बालियान की मकोका मामले में गिरफ्तारी पर वकील डॉ. एनसी शर्मा ने कहा कि हम मकोका के तहत गिरफ्तारी के आधार को चुनौती देंगे। इसमें कुछ प्रावधान हैं लेकिन पुलिस ने उनका पालन नहीं किया है। पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। एफआईआर, कानून के मुताबिक, यह गिरफ्तारी पूरी तरह से अवैध है।
गिरफ्तारी को चुनौती देंगे- वकील
वकील डॉ. एनसी शर्मा ने कहा कि जैसा कि मैंने कहा कि अभी हम भी अंधेरे में हैं और पुलिस भी अंधेरे में हैं, पुलिस के पास भी कुछ नहीं है जो कह सकें कि क्या है? पुलिस को एफआईआर का नहीं पता, आज ले जाओ, कल बना देंगे बस यही सब चल रहा है। अगस्त 2024 में नंदू गैंग के खिलाफ जो एफआईआर हुई थी वो उसमें कह रहे हैं कोई नई एफआईआर नहीं हुई है। 16 अगस्त 2024 को एक एफआईआर हुई थी उससे 165/24 एजीएस में उसके तहत पुलिस पूछताछ करने की कह रही है। किसी व्यक्ति को केवल कह देने से मकोका के तहत जेल में नहीं डाला जा सकता है, हम कोर्ट में मकोका के तहत की गई गिरफ्तारी को चैलेंज करेंगे।
झूठे केस में हम सब लोगों को अंदर डाला जा रहा है- मनीष सिसोदिया
नरेश बालियान की मकोका के तहत गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि झूठे केस में हम सब लोगों को अंदर डाला जा रहा है। पांच साल का संघर्षमय समय रहा है। जब इनको किसी को झूठे केस में फंसाना चाहते हैं PMLA या मकोका लगा देते हैं। जिस आदमी पर मकोका नहीं लग सकता है, उस पर मकोका लगा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: केजरीवाल के MLA को मिली जमानत; जबरन वसूली मामले में हुई थी गिरफ्तारी