प्रकाश सिंह
Bihar by-election: बिहार में 13 नवंबर को 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव में केवल चार दिन का समय बचा है। मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है नेताओं के बयानों में तल्खी बढ़ती जा रही है। आरजेडी नेता सुधाकर सिंह के लाठी के पीटने के बयान के बाद प्रशांत किशोर का ‘उल्टा लटका देंगे’ वाला बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की पार्टी भी इस बार उपचुनाव में हाथ आजमा रही है। बिहार के आरा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत तरारी विधानसभा सीट भी खाली हुई है। तरारी विधानसभा से विधायक रहे सुदामा प्रसाद अब आरा से सांसद बन गए हैं। इस सीट पर बीजेपी आरजेडी के अलावा जान सुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में हैं। अपनी पार्टी के प्रत्याशी को चुनाव जीतने के लिए पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में तरारी विधानसभा में कैपेंन के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी, जेडीयू और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा है।
अपराधियों को उल्टा टांग देंगे- प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग बीजेपी, नीतीश कुमार और लालू यादव से मुक्त होना चाहते हैं। इस दौरान तरारी विधानसभा क्षेत्र में लगे पार्टी के पोस्टर और बैनर को फाड़ दिया गया जिस पर उन्होंने कहा कि बिहार के अपराधी प्रशांत किशोर को नहीं जानते हैं। मैं डरने वाला नहीं हूं। बिना सिपाही के चलता हूं। ऐसे-ऐसे सैंकड़ों अपराधियों को उल्टा टांग देंगे, पता भी नहीं चलेगा। बिहार में अगर कोई मुखिया जीतता है तो चार गनमैन लेकर चलता है, लेकिन पिछले दो साल से मैं पैदल चल रहा हूं, एक भी सिपाही नहीं है।
सुधाकर सिंह की बीजेपी कैंडिडेट को खुली धमकी
सुधाकर सिंह ने शुक्रवार की शाम को सभा कर बीजेपी कैंडिडेट और उनके समर्थकों को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा कि रामगढ़ सीट से भले ही एक साल के विधायक चुना जा रहा हो, इतना याद रखिये कि सुधाकर सिंह पांच साल के लिए सांसद रहेगा। एक सांसद के सामने विधायक की कोई औकात नहीं होती। अगर बीजेपी वाला जीत भी गया तो उसे घुटने पर लाना मुझे आता है।
300 बूथों पर उनको लाठी से पीटेंगे- सुधाकर सिंह
सुधाकर सिंह ने मंच से अपने समर्थकों से कहा कि उस चुनाव में 2020 के चुनाव वाली गलती नहीं करना है। उस समय तो सिर्फ तीन जगह पर बीजेपी वालों को पीटे थे। इस दफे 300 बूथों पर उनको लाठी से पीटेंगे। सुधाकर सिंह यही नहीं रुके उन्होंने आगे कहा मैं गर्म मिजाज का आदमी हूं। गलत चीज हमें बर्दास्त नहीं होती है। जिसका उदाहरण लोगों ने देख लिया है। जब बिहार में आरजेडी की नीतीश कुमार के साथ सरकार बनी थी तो उस सरकार में मुझे कृषि मंत्री बनाया गया था। वहां भी मैं मुख्यमंत्री के सामने तन गया था।
इसे भी पढ़ें: ‘पहले 3 को पीटे थे इस बार 300 को पीटेंगे’, बिहार उपचुनाव में RJD नेता सुधाकर सिंह की खुली धमकी