Today’s Weather Update: देशभर के कई राज्यों में अब तापमान धीरे-धीरे बदलने लगा है। पारा लुढ़कने के कारण इन राज्यों में तेजी से ठंड बढ़ रही है और सुबह-शाम घना कोहरा अपने पैर पसार रहा है। वहीं, उत्तर भारत में घने कोहरे के साथ-साथ जहरीले स्मॉग की चादर देखने को मिल रही है। हालांकि कोहरे और स्मॉग का असर विजिबिलिटी पर पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर इस बात का सबूत है कि ठंड के कारण कोहरे और स्मॉग के चलते वायु प्रदूषण ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिल्ली के अलावा भी अन्य कई राज्यों में वायु प्रदूषण ने लोगों के सिर में दर्द कर दिया है। सुबह की सर्द हवाओं के बीच कहीं घना कोहरा नजर आ रहा है तो कहीं हवा में घुला जहरीला धुआं। ऐसे में चलिए जानते हैं कि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज के मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 23 से 25 और न्यूनतम तापमान 08 से 12 डिग्री बना हुआ है। सर्द हवाओं के चलते यहां अब बीते दिनों के मुकाबला ज्यादा ठंडक महसूस होने लगी है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा बने रहने की बात कही है। इतना ही नहीं दिल्लीवालों को ठंड के साथ-साथ जहरीले स्मॉग से भी दो-चार होना पड़ रहा है। वायु प्रदूषण के चलते धूंध का असर सीधे तौर पर विजिबिलिटी पर पड़ रहा है, जिस कारण लोगों को सड़कों पर चलने और वाहन चलाते समय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दिल्लीवालों को ठंड और जहरीले धुएं से बचने के लिए घर से बाहर निकलते समय अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
यूपी-बिहार में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार तक में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के कुछ क्षेत्र हरियाणा, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश से लेकर सिक्किम तक घने कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है। इन राज्यों में जैसे-जैसे पारा लुढ़क रहा है वैसे-वैसे ठंड भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड, ओडिशा तक के तापमान में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल सकती है।
पहाड़ों में बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी है। मैदानी राज्यों के मुकाबले पहाड़ों में मौसम का हाल ज्यादा ठंडा है। आईएमडी की मानें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के होने की संभावना है। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। यहां रह रहे लोगों को गर्म कपड़े और अपने खान-पान का सामान पहले ही घर में लाकर रख लेना चाहिए।
इन राज्यों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर अंडमान और निकोबार में तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तटीय लक्षद्वीप और दक्षिणी कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।