Delhi News: दिल्ली में चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने INDI गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस के भीतर सेंधमारी शुरू कर दी है। सोमवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक सुमेश शौकीन पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। सीमापुर से कांग्रेस के 3 बार विधायक वीर सिंह धींगान के बाद दिल्ली देहात के नेता सुमेश शौकीन ने AAP का दामन थामा है।
सुमेश शौकीन का पार्टी में स्वागत करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में अपनी सरकार के विकास कार्यों पर जोर दिया। केजरीवाल ने कहा, ‘आज सुमेश शौकीन कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए हैं। उनका स्वागत है। हमारी सरकार से पहले दिल्ली देहात के लोगों को ऐसा नहीं लगता था कि वे दिल्ली का हिस्सा हैं। उन्हें नजरअंदाज किया जाता था और उनकी उपेक्षा की जाती थी।’
सुमेश शौकीन ने बताई AAP ज्वाइन करने की वजह
सुमेश शौकीन ने भी AAP में आने के पीछ दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में हुए विकास कार्यों को इसका कारण बताया। शौकीन ने कहा, ‘दिल्ली देहात के लिए और दिल्ली देहात को दिल्ली से जोड़ने के लिए जो काम हो रहा है, वो अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुआ है। मैं अरविंद केजरीवाल के साथ मिलकर दिल्ली देहात और अपने क्षेत्र के लोगों के लिए काम करूंगा।’
कैलाश गहलोत ने AAP को दिया झटका
हालांकि आम आदमी पार्टी को कैलाश गहलोत के रूप में भी बड़ा झटका लगा है। गहलोत ने रविवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री का पद भी छोड़ दिया। इसके अगले ही दिन सोमवार को कैलाश गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है।
यह भी पढे़ं: केजरीवाल-गहलोत के बीच यहां शुरू हुई थी दरार! आम आदमी पार्टी छोड़ने की इनसाइड स्टोरी