मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात 'अर्नब' का सबसे प्रचंड असर रहेगा। इन तीनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ बेहद भारी वर्षा होने की पूरी आशंका है। इसके साथ ही तेलंगाना और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आंतरिक एवं तटीय इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं यानी थंडरस्क्वाल चलेंगी। इनके झोंके 80 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, झारखंड और तेलंगाना के इलाकों में 50 से 60 किमी/घंटे की गति से प्रचंड हवाएं चलने का अनुमान है।