Weather News: उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत के साथ ही घना कोहरा देखने को मिला। आज (13 नवंबर) सुबह दिल्ली-NCR समेत यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बाकि राज्यों में घने स्मॉग और कोहरे की चादर छाई रही। विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सड़कों पर गाड़ियों को हेडलाइट्स ऑन करके चलना पड़ा।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह 6 बजे विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई, जबकि हिंडन और अमृतसर एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी रही। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 तक पहुंच गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। हल्की ठंड के साथ कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में स्मॉग (Smog) के साथ कोहरे (Fog) की धुंध भी देखने को मिल रही है। वहीं दिल्ली में लोग कंफ्यूज हैं कि कोहरा है या स्मॉग ?
कोहरे और स्मॉग अलग !
कोहरा और स्मॉग दोनों का ही संबंध आसमान में छाने वाले धुंध से है, लेकिन दोनों में काफी फर्क है। हवा में तैरती पानी की बहुत ही महीन बूंदों से फॉग बनता है। लेकिन, स्मॉग धुएं और प्रदूषण का मिश्रण होता है। इसके अलावा कोहरे का रंग सफेद होता है, जबकि स्मॉग हल्का ग्रे या भूरा हो सकता है। मौसम ठंडा होने से आसमान में कोहरा बढ़ता है, जबकि स्मॉग तापमान गिरने के बाद प्रदूषण के बढ़ने से बनता है।
उत्तरी भारत के कई राज्यों में कोहरा
यूपी से लेकर हरियाणा, राजस्थान, पंजाब तक कोहरे का असर देखने को मिला, जिससे ड्राइवरों की मुश्किलें बढ़ गईं, वहीं कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग की माने तो, दिन चढ़ने के साथ धुंध कुछ हद तक छंटने की संभावना है, लेकिन बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण स्मॉग के बने रहने की आशंका है।
दिल्ली सरकार ने उठाए कदम
दिल्ली सरकार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) प्रदूषण को कम करने के लिए कई उपाय कर रहे हैं, जैसे ऑड-इवन स्कीम लागू करना, निर्माण कार्यों पर रोक और पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई। इसके बावजूद, बढ़ते प्रदूषण और हवा की गुणवत्ता पर लगातार असर पड़ रहा है। बढ़ते वायु प्रदूषण से बचने के लिए घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: By Election 2024: बिहार-बंगाल समेत 10 राज्यों में उपचुनाव आज