सीरिया के लिए यूएन के विशेष दूत गेयर पैडरसन ने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया है कि देश की जनता की आवाज़ को सुनकर, उनके साथ मिलकर बिना रुके काम करना होगा, ताकि अपदस्थ पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन में जिन अपराधों को अंजाम दिया गया था, उन्हें फिर से कभी ना दोहराया जा सके. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सीरियाई जेलों में हिरासत में रखे गए लोगों ने जिस पीड़ा को भुगता है, उसके लिए दोषियों की जवाबदेही तय की जानी ज़रूरी है.