शिवसेना (उबाठा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के अपने बूते चुनाव लड़ने की घोषणा करने और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से तृणमूल कांग्रेस के दूरी बनाये रखने के मद्देनजर विपक्षी एकजुटता के लिए मंगलवार को देश की सबसे पुरानी पार्टी से कदम उठाने के लिए कहा।
उद्धव ठाकरे नीत पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में इस बात पर जोर दिया कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा बने रहने के लिए मनाने की जरूरत है।
रविवार को, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना से इनकार कर दिया। आप और कांग्रेस ने 2024 का लोकसभा चुनाव ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में साथ मिलकर लड़ा था।
कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी- सामना
‘सामना’ में कहा गया है कि अगर आम आदमी पार्टी जैसा दल, जो ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है, दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का आह्वान करता है, तो कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी होगी ताकि अन्य राज्यों में ऐसा न हो।
शिवसेना(उबाठा) ने कहा, ‘‘भाजपा विरोधी गठबंधन में आप का होना जरूरी है।’’ साथ ही कहा कि आप अब क्षेत्रीय पार्टी नहीं रही क्योंकि इसने अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें: Maharashtra में भव्य होगा शपथ ग्रहण, जानिए कौन-कौन होगा शामिल?