Weather Update: देशभर में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर, घना कोहरा और गिरते न्यूनतम तापमान ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। दिल्ली में घने कोहरे और बढ़ते पॉल्यूशन के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ा दी है। यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में भी ठंड का कहर जारी है। वहीं, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में सर्द हवाओं के बीच कुछ राहत भरी धूप देखने को मिल रही है।अच्छी बात है कि दोपहर में चटक धूप थोड़ी राहत जरूर दे रही है। दिल्ली की बात करें तो यहां कोहरा और पॉल्यूशन के साथ ठंड का ट्रिपल अटैक जारी है। जानते हैं देशभर का मौसम कैसा रहने वाला है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख वाले क्षेत्रों की बात करें तो यहां कड़ाके की ठंड के साथ बर्फबारी ने पर्यटकों के मजे करा दिए हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर, कुपवाड़ा जैसे इलाकों में पारा माइनस में नोट किया जा रहा है। इसके अलावा जम्मू में भी पारा 6 डिग्री पर रहेगा। पहाड़ वाले क्षेत्रों में भी आज पारा माइनस 6 तक जा सकता है। उत्तराखंड की बात करें तो उत्तराखंड में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्य में शुष्क मौसम के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार,कम से कम 22 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो आज ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा ऐसा ही मौसम अगले तीन दिन तक रहेगा। इस दौरान लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
कोहरे और कड़ाके की ठंड से जूझ रहे दिल्ली वाले
दिल्ली के लोग इस वक्त पॉल्यूशन के साथ घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए कोहरा और बढ़ने की बात कही है। इस सीजन में पहली बार है जब कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।
पंजाब-हरियाणा-राजस्थान-बिहार में भी ठंड
दिल्ली में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। आज पंजाब में कोहरे के साथ शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 21 दिसंबर से 24 दिसंबर तक शीतलहर का यह दौर जारी रहेगा। आज कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री पर रहेगा, अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक जाएगा। हरियाणा की बात करें तो यहां आज के अलावा अगले 4 दिनों तक शीतलहर के साथ कोहरा परेशान करेगा। आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक लुढ़केगा, अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रहेगा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, 19 दिसंबर की सुबह बिहार के 18 जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, बक्सर, पटना, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, मधेपुरा, जमुई, भागलपुर और कटिहार शामिल हैं। दिन में धूप निकलने पर कोहरा छंटेगा, लेकिन अगले दिन फिर कोहरा छा सकता है।
इनपुट भाषा से भी
यह भी पढ़ें : J&K: कुलगाम में मुठभेड़ खत्म, 5 आतंकी ढेर; 2 जवान भी घायल