माफिया अतीक अहमद का भांजा मोहम्मद जका को प्रयागराज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध तमंचा बरामद हुआ है। जका 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और मारपीट के मुकदमे में वांटेड था और पुलिस कई महीनों से उसकी तलाश कर रही थी। इसी मामले में जका का पिता मोहम्मद अहमद 3 साल पहले जेल जा चुका है।
बता दें कि करेली के साबिर हुसैन ने जुलाई 2023 में पूरामुफ्ती थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में अतीक अहमद के रिश्तेदार मारियाडीह निवासी मोहम्मद अहमद सहित आधा दर्जन लोगों पर 10 लाख रुपए की रंगदारी और मारपीट का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद अहमद सहित तीन आरोपियों को जेल भेजा था। इस मामले में मोहम्मद जका फरार चल रहा था।
प्रयागराज से हुई गिरफ्तारी
थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि गुरुवार रात इनपुट मिला था कि मोहम्मद जका मारियाडीह में मौजूद है। जिसके बाद इलाके में पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान मोहमद जका कार से भागने की फ़िराक में था, तभी पुलिस ने उसे धार दबोचा। उसके पास से पुलिस को एक अवैध तमंचा भी मिला है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
पुरामुफ्ती थाने में प्रॉपर्टी डीलर साबिर हुसैन की शिकायत के मुताबिक 6 जुलाई को एक कस्टमर को प्लाट दिखाने के लिए 120 फीट रोड कालिंदी कुंज गेस्ट हाउस के पीछे दोपहर में पहुंचा था। तभी अतीक अहमद का भांजा जका अपने साथियों मो. वैस, मुजम्मिल, शकील के साथ पहुंच गया। यहां उसने प्लॉट से तुरंत भागने को कहा। इसके बाद 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और मोबाइल छीन लिया।
इसे भी पढ़ें- तलाक के जमाने में इस मोहब्बत को सलाम, जब कैंसर से टूट रहे थे विवेक तो ढाल बनी सृजना; रुलाएगी फिर सिखाएगी ये लव स्टोरी