Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अभी देर है। 2027 में यूपी में विधानसभा चुनाव हैं, लेकिन अखिलेश यादव को अभी से सत्ताधीश के रूप में पेश किया जाने लगा है। समाजवादी पार्टी फिलहाल उत्तर प्रदेश उपचुनाव की तैयारियों में लगी है। लोकसभा चुनावों में मिली जीत के बाद पार्टी का ये पहला इम्तिहान होगा। हालांकि 2027 के लिए पार्टी अभी से तैयारी करने लगी है। इसी के ध्यान में रखते हुए अखिलेश यादव के पोस्ट राजधानी लखनऊ में लगाए गए हैं, जिसमें उन्हें नए अवतार में दिखाया गया है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लखनऊ में कई जगह पोस्टर लगे हैं, जिनकी काफी चर्चा हो रही है। इन पोस्टर में अखिलेश यादव को 2027 का सत्ताधीश के रूप में दिखाया गया है। पोस्टर में लिखा है- ’24 में बरसा जनता का आशीष, दीवारों पर लिखा है कौन होगा- सत्ताईस का सत्ताधीश।’ इसके साथ पोस्टर में अखिलेश की एक बड़ी सी फोटो लगी है। पोस्टर लगाने वाले का नाम जयराम पांडेय है, जो संतकबीरनगर के मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पहले अखिलेश को बताया गया ‘भावी PM’
जुलाई में अखिलेश यादव के जन्मदिन पर भी एक पोस्टर काफी सुर्खियों में रहा था। लखनऊ में अखिलेश को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए पोस्टर चिपकाए गए थे। लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी ने राज्य की 80 संसदीय सीटों में से 37 सीटों पर जीत हासिल की और उसके सहयोगी कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं। बीजेपी ने 33 सीटें जीतीं और उसके सहयोगियों के खाते में तीन सीटें गईं। अखिलेश ने कन्नौज से 1,70,922 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। फिलहाल विधानसभा उपचुनावों से पहले अखिलेश का पोस्टर चर्चा में है।
यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
यूपी की 9 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होना है। इन सीटों में मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर और कटेहरी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने अयोध्या जिले की मिल्कीपुर को छोड़कर उत्तर प्रदेश की 10 रिक्त विधानसभा सीटों में से 9 के लिए उपचुनाव की घोषणा की। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
यह भी पढ़ें: गिरिराज की यात्रा में जनसैलाब, बोले- कोई पाकिस्तान तो कोई इस्लाम…