Ladli Bahana Yojana: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को दी जाने वाली मासिक वित्तीय सहायता धीरे-धीरे बढ़ाकर पांच हजार रुपये की जाएगी। पिछले साल के विधानसभा चुनावों से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत वर्तमान में महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,250 रुपये प्रति माह अंतरित किए जाते हैं।
यादव ने बुधनी विधानसभा सीट पर एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बहनो, क्या कभी किसी ने आपके खाते में पैसे जमा किए हैं? यह कांग्रेस के लोगों से पूछिए। आप (कांग्रेस) लोगों से लूटते और छीनते थे।’’
उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होने हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यह योजना तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावों के लिए शुरू की थी और इसे बंद कर दिया जाएगा।
शाम को आयोजित एक समारोह में यादव ने लाड़ली बहना योजना के लाभार्थियों के खातों में 1,250 रुपये की मासिक किस्त अंतरित की।
विदिशा से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान के अपनी पारंपरिक विधानसभा सीट बुधनी से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद यह सीट रिक्त हो गई। बुधनी सीट से कांग्रेस ने पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार पटेल को भाजपा उम्मीदवार रमाकांत भार्गव के खिलाफ मैदान में उतारा है। भार्गव विदिशा से सांसद रह चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं के कपड़ों का नाप न लें मेल टेलर, महिलाएं और पुरुष दर्जी बोले…