Kerala Accident News: केरल के पलक्कड़ जिले के शोरानूर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को तिरुवनंतपुरम जा रही केरल एक्सप्रेस की चपेट में आने से तमिलनाडु की दो महिलाओं सहित चार सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा आज अपराह्न 3.05 बजे तब हुआ जब रेलवे स्टेशन से कुछ किलोमीटर दूर स्थित शोरानूर पुल के पास रेल पटरी से कचरा साफ कर रहे सफाईकर्मी नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार, रेलवे द्वारा अनुबंध पर रखे गए सफाईकर्मी ट्रेन की टक्कर से पटरी से दूर जा गिरे। तीन शव बरामद कर लिए गए हैं और चौथे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके भरतपुझा नदी में गिरने का संदेह है।
शोरानूर रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मजदूरों ने संभवत: आती हुई ट्रेन पर ध्यान नहीं दिया होगा, जिसके परिणामस्वरूप दुर्घटना हुई, लेकिन आगे की जांच जारी है।’’