Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में एक पुल निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में कार्य कर रहे छह मजदूरों पर बृहस्पतिवार को मिट्टी का ढेर गिर गया और उन्हें बचाव अभियान चलाकर उन्हें बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में विजयपुर क्षेत्र के दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर देवक नदी पर पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में छह मजदूर कार्य कर रहे थे, तभी मिट्टी का ढेर उनके ऊपर गिर गया और वे फंस गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम के साथ बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार, दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार मजदूरों को गड्ढे में मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला गया और शेष दो मजदूरों को बचाने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई। जिला आयुक्त राजेश शर्मा और सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनय कुमार शर्मा घटनास्थल पर मौजूद रहे तथा उन्होंने बचाव अभियान की निगरानी की। अधिकारियों के अनुसार, चार मजदूरों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें उपचार के लिए जम्मू के एक अस्पताल में ले जाया गया है।
यह भी पढ़ें… भारत की इकोनॉमी पर ड्रैगन की बुरी नजर, गेमिंग ऐप के जरिए 400 करोड़ पहुंच