Farmers Protest: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पास जीरो पॉइंट पर आज (4 नवंबर) को बड़े पैमाने पर किसान यूनियनों का शक्ति प्रदर्शन है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदर्शनकारी किसानों की शिकायतों का समाधान करने के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है और एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आंदोलनरत किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए औद्योगिक विकास विभाग के सचिव अभिषेक प्रकाश ने 5 सदस्यी समिति गठित करने का आदेश जारी किया। बता दें मुजफ्फरनगर के सिसौली में एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश के 18 जोन में से 5 जोन के किसान ग्रेटर नोएडा में प्रदर्शन करेंगे। ये जोन सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा और मुरादाबाद हैं। बाकी जोन के किसान अपने-अपने स्थानों पर प्रदर्शन कर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।