Delhi: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक मंदिर में किशोरों के दो समूहों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पथराव हुआ। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इस घटना में दो नाबालिग लड़के घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
पथराव की घटना का एक कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कुछ लड़कों को एक मंदिर में एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते देखा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि घटना सोमवार रात करीब 8:15 बजे हुई और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों समूहों के बीच पुराना विवाद था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) अभिषेक धानिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया। हमारी साइबर टीम ने कुछ सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की है जो पूरी घटना के बारे में गलत सूचना फैला रहे थे। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
इसे भी पढ़ें: ‘जाति के नाम पर मत बांटो, जब भी बाटे हैं तभी…’, CM योगी की दो टूक