सरकार ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और असम राइफल्स (एआर) में एक लाख से अधिक पद रिक्त हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर तक सीएपीएफ और असम राइफल्स में कुल तैनात कर्मियों की संख्या 9,48,204 थी। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सरकार रिक्तियों को तेजी से भरने के लिए कदम उठा रही है।
राय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में सीएपीएफ और असम राइफल्स में 71,231 नए पद सृजित किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि सीएपीएफ और असम राइफल्स में रिक्तियां सेवानिवृत्ति, इस्तीफे, पदोन्नति, मृत्यु, एक नयी बटालियन की स्थापना, नए पदों के सृजन आदि के कारण उत्पन्न होती हैं और उन्हें भरना एक सतत प्रक्रिया है।
सीआरपीएफ में 33,730, असम राइफल्स में 1,00,204 पद खाली
गृह राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘मंत्रालय यूपीएससी, एसएससी और संबंधित बलों के माध्यम से रिक्तियों को शीघ्रता से भरने के लिए गंभीर कदम उठा रहा है और उठाता रहेगा।’’
सरकार ने भर्ती बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं- गृह राज्य मंत्री
उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं, जैसे मेडिकल जांच में लगने वाले समय में कमी, कांस्टेबल-जीडी के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए कट-ऑफ अंकों को कम करना ताकि पर्याप्त उम्मीदवार मिल सकें ,विशेषकर उन श्रेणियों में जहां कमी देखी गई है।
मंत्री द्वारा उद्धृत आंकड़ों से पता चलता है कि 42,797 सीएपीएफ और असम रायफल्स कर्मियों ने 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच एक वर्ष में 100 दिनों की छुट्टी का लाभ उठाया है।
शहीदों के परिजनों को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता
भारत के वीर पोर्टल के माध्यम से शहीद सीएपीएफ और असम रायफल्स के कर्मियों को प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता पर एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से शहीदों के परिजनों को अन्य वित्तीय अधिकारों के अलावा 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
राय ने कहा कि ‘भारत के वीर’ पोर्टल को 2017 में शुरू किया गया था जबकि ‘भारत के वीर ट्रस्ट’ की स्थापना 2018 में की गई थी और अब तक शहीदों के 501 आश्रितों को इससे वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
इसे भी पढ़ें: हिमंता सरकार का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थान पर गोमांस परोसने पर बैन