हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह यमुना नदी की सफाई का अपना वादा पूरा करने में विफल रहे, जो उन्होंने एक दशक पहले किया था।
सैनी ने कुरुक्षेत्र में संवाददाताओं से कहा, ‘‘केजरीवाल खुद सबसे बड़े प्रदूषण फैलाने वाले हैं। वह यमुना को भी साफ नहीं कर पाए, जिसका वादा उन्होंने एक दशक पहले किया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में 28 नाले हैं, जिनका पानी यमुना नदी में बह रहा है।’’ सैनी ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले साल दिल्ली में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल करेगी।
एक सप्ताह पहले भी सैनी ने दिल्ली में आरोप लगाया था कि ‘‘झूठ बोलना और दोष दूसरों पर मढ़ना आम आदमी पार्टी (आप) के डीएनए में है।’’ दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हाल ही में कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु और जल प्रदूषण के लिए भाजपा की ‘‘गंदी राजनीति’’ जिम्मेदार है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में यमुना में झाग इसलिए दिखाई दे रहा है क्योंकि नदी में बिना शोधित औद्योगिक अपशिष्ट जल छोड़ा जा रहा है। सैनी ने जवाब में केंद्र द्वारा यमुना की सफाई के लिए दिए गए पैसे का आप सरकार से हिसाब मांगा।