BREAKING: जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों लगातार आतंकी हमलों के बाद सेना ने एंटी टेरर ऑपरेशन शुरू किया है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने सोपोर में एक आतंकवादी को मार गिराया है। अभी भी एक आंतकी के छिपे होने की आशंका है। सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चला रही है।
सेना ने आतंकियों के सफाए के लिए सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया है और अब राजपुरा के आसपास के जंगलों तक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सेना को सोपोर में दो आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना का साझा ऑपरेशन
कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, बारामूला के रामपोरा सोपोर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के संबंध में एक विशेष इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा एक संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया था। तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी हुई।
बारामूला मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर
इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने रातभर चली मुठभेड़ के बाद दो आतंकवादियों को मार गिराया। कश्मीर जोन की पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके संगठन के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद तथा अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा शुरू किए गए अभियान के बाद गुरुवार शाम को ही मुठभेड़ शुरू हो गई थी।
बिरदी ने कहा, ‘‘घेराबंदी करने के दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। हमने सोचा कि पहले क्षेत्र से नागरिकों को हटाना समझदारी होगी। इसके बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया जो शुक्रवार सुबह दो आतंकियों की मौत के साथ समाप्त हुआ।’’
(इनपुट-पीटीआई)
इसे भी पढ़ें: AMU आरक्षण से इमरजेंसी तक उपचुनाव प्रचार में विपक्षियों पर बरसे CM योगी