केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शिमला में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उस सहायक निदेशक के परिसर में छापेमारी की है, जो रविवार को एक अभियान के दौरान एजेंसी को चकमा देकर फरार हो गये थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिमला में तैनात ईडी के सहायक निदेशक और उनके भाई विकास दीप, जो दिल्ली में पंजाब नेशनल बैंक में वरिष्ठ प्रबंधक हैं, एक व्यवसायी से कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेने चंडीगढ़ गए थे। व्यवसायी पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज है।
अधिकारियों ने बताया कि व्यवसायी ने कथित जबरन वसूली के बारे में सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एजेंसी की चंडीगढ़ इकाई ने एक योजना बनाई, जिसमें शिकायतकर्ता को अधिकारी को 55 लाख रुपये नकद रिश्वत देने के लिए कहा गया और सीबीआई के अधिकारी इस पर नजर रखे हुए थे।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने मामले के सिलसिले में विकास दीप को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। एजेंसी मामले में उनकी कथित संलिप्तता के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है। ईडी के सूत्रों ने बताया कि मामले के बाद शिमला उप-क्षेत्रीय कार्यालय के आरोपी सहायक निदेशक और उनके पर्यवेक्षी अधिकारियों- एक उप निदेशक और संयुक्त निदेशक (चंडीगढ़ स्थित) को दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: गाड़ी में मिला सोना और पैसा किसका? मीडिया ने सौरभ शर्मा की मां से सवाल