North India Weather New: उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में रात से ही बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ हिस्सों में तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, पूरे उत्तर भारत में फिलहाल सर्दी का जोर है, वहीं ओलावृष्टि ने कुछ इलाकों में कंपकंपी बढ़ा दी है।
मध्य प्रदेश को लेकर मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार को कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। पूरा उत्तर भारत इस समय ठंड की चपेट में है। जहां एक ओर हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, दिल्ली-पंजाब और हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठंड से हाहाकार मची है।
मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट
शुक्रवार रात हरियाणा में भी बारिश के साथ-साथ ओले गिरे। फतेहाबाद, भिवानी, सिरसा और कैथल वे जिले रहे, जहां जमकर ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि उत्तर भारत में हवा बदल जाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञानियों के अनुसार 28 को बारिश के बाद प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है। इससे सुबह के समय आने जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की तरफ से कोहरे में वाहन को आराम से चलाने का आह्वान किया है।
पहाड़ों में सैलानी खुश, पुलिस परेशान
हिमाचल प्रदेश के मनाली में बर्फबारी का आनंद लेने के बाद पर्यटक शुक्रवार शाम को लौटने लगे, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण उनके रास्ते में भारी जाम लग गया। 1500 से ज्यादा वाहन बर्फबारी में फंस गए हैं, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। पर्यटक और स्थानीय लोग बर्फबारी से जूझते हुए घर लौटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कठिन हालात के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

भारी बर्फभारी के कारण फंसे वाहन
सोलंगनाला में भी एक हजार से ज्यादा वाहनों के जाम मं फंसे होने की खबरें मिलीं, मनाली-सोलंग नाला मार्ग पर 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, माइनस तापमान में यातायात बहाल कराने में जुटे पुलिसकर्मियों को इस दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पहाड़ों में बर्फबारी जारी है।
ऐसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
वहीं, मनाली में बर्फबारी के साथ साथ कुल्लू जिला के निचले इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल रही है। बारिश और बर्फबारी के बीच ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग शिमला के मुताबिक प्रदेश में 28 दिसंबर और 29 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 1 जनवरी 2025 को भी प्रदेश के ऊंचाई और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें : सनातन बोर्ड गठन को मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी का समर्थन, लेकिन वक्फ..