Bangladeshi Immigrants Documentation in Delhi: दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का मुद्दा हावी है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच दिल्ली में पुलिस भी अपने काम में लग चुकी है। बाहरी जिला दिल्ली पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की जांच तेज की है और पौने दो सौ के करीब लोगों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
बाहरी जिला दिल्ली पुलिस ने वैध भारतीय दस्तावेजों के बिना क्षेत्र में रहने वाले बांग्लादेशी प्रवासियों की पहचान और उनके दस्तावेजों की पुष्टि करने के लिए एक अभियान शुरू किया है। ये कदम अवैध आव्रजन के बारे में बढ़ती चिंताओं के जवाब में उठाया गया है। अब तक 175 व्यक्तियों पर संदेह पाया गया है। बताया जा रहा है कि उनसे गहन पूछताछ की गई है और उनके दस्तावेजों की भी सावधानीपूर्वक जांच और सत्यापन किया गया है। उनके संबंधित क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय करके उनकी पहचान प्रमाणित करने के लिए टीमों को उनके मूल स्थानों पर भेजा गया है।
पुलिस ने अवैध बांग्लादेशियों की पहचान के लिए बनाई टीमें
हाल ही में बाहरी जिले के अधिकार क्षेत्र में कई ऑपरेशन और संयुक्त जांच की गई। जिलेभर में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों का पता लगाने के लिए गहन तलाशी करने और जानकारी इकट्ठा करने के लिए जिला विदेशी प्रकोष्ठ के अधिकारियों समेत पुलिस स्टेशनों और विशेष इकाइयों की समर्पित टीमों का गठन किया गया था। बिना किसी वैध भारतीय दस्तावेज के दिल्ली में रह रहे बांग्लादेशी प्रवासियों के अवैध रूप से रहने के बारे में बढ़ती चिंताओं के जवाब में बाहरी जिला दिल्ली पुलिस ने अभियान चलाया है। पुलिस वैध दस्तावेजों के बिना राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रह रहे व्यक्तियों की पहचान करने, उन्हें हिरासत में लेने और उन्हें वापस भेजने की कोशिश में है।
दिल्ली में बांग्लादेशियों के मुद्दे पर बीजेपी हमलावर
दिल्ली में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के मुद्दे पर बीजेपी हमलावर है। दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आरोप लगाते हैं कि दिल्ली में रोहिंग्या और बागंलादेश दिल्लीवासियों के अधिकार छीन रहे हैं। विदेशियों को यहां बसाने का काम आम आदमी पार्टी करती है। उसका हमें जवाब देना पड़ेगा। वोटबैंक के रूप में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को यहां बसाने का काम आम आदमी पार्टी करती है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा कहते हैं- ‘अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के नागरिकों का जो दिल्ली के संसाधनों पर उनका हक है, उसको मार रहे हैं। दिल्ली के नागरिकों को अरविंद केजरीवाल धोखा दे रहे हैं।’ बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने भी आरोप लगाए कि दिल्ली की सरकार रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को दिल्ली में बस रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को दिल्ली में बसाना बंद करे।
यह भी पढ़ें: ‘ताकि स्कूल बंद हो जाएं…’, दिल्ली के स्कूलों को धमकी मामले में खुलासा