Chaos in JNU over The Sabarmati Report Screening: विक्रांत मैसी स्टारर फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को लेकर दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में बवाल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान पोस्टर फाड़े गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, JNU में ABVP की ओर से ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस दौरान आरोप है कि लेफ्ट के छात्रों ने बवाल मचाया। उन्होंने फिल्म के विरोध में पोस्टर फाड़ डाले और पथराव किया।
JNU में फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान पथराव
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देख रहे हैं। फिल्म की स्क्रीनिंग के वक्त आस-पास पत्थर पड़े नजर आ रहे हैं। Abvp का आरोप है कि लेफ्ट छात्राओं की ओर से हमेशा ABVP के कार्यक्रम में बाधा डाली जाती है और आज भी बाधा डाली गई है। स्क्रीनिंग के विरोध में पत्थरबाजी हुई है।
गोधरा कांड पर आधारित ‘द साबरमती रिपोर्ट’
बता दें कि धीरज सरना द्वारा निर्देशित फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की कहानी 27 फरवरी, 2002 में हुए गोधरा कांड पर आधारित है। जिसमें साबरमती के एक कोच को कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया था, जिसकी वजह से 59 कारसेवकों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। फिल्म में दिखाया गया है कि उस वक्त मीडिया ने किस तरह के कदम उठाए थे और किस तरह से पूरी घटना को दिखाया गया था। खैर, विक्रांत मैसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ विवादों में हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शक दो गुटों में बंट गए हैं।
फिल्म में अभिनेत्री राशि खन्ना, विक्रांत मैसी और रिद्धि डोगरा पत्रकार की भूमिका में हैं। जहां रिद्धि ने एक अंग्रेजी तो विक्रांत और राशी ने हिंदी पत्रकार की भूमिका निभाई है। बालाजी मोशन पिक्चर्स, विकिर फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, ‘द साबरमती रिपोर्ट’ शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अमूल वी मोहन और अंशुल मोहन द्वारा निर्मित है। फिल्म 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
इन राज्यों में ट्रैक्स फ्री
फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा और गुजरात में टैक्स फ्री कर किया गया है।