Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर नीरज सहरावत उर्फ नीरज बवाना गैंग के दो खतरनाक बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ जट्टी और अखिल उर्फ माया के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि राकेश एक पैरोल जंपर है, जो दिल्ली में एक हत्या के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से 3 अवैध पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दूसरा बदमाश अखिल, नीरज बवाना गैंग का जाना माना नाम है। उसके खिलाफ 12 संगीन मामले दर्ज हैं। जिनमें हत्या, डकैती, सार्वजनिक सेवकों पर हमला और आर्म्स एक्ट उल्लंघन के केस शामिल हैं।
बदमाशों के खिलाफ दो केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को चाणक्य प्लेस इलाके में ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक कार भी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। एक केस क्राइम ब्रांच, दिल्ली और दूसरा PS राज पार्क, दिल्ली में दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों के बारे में इनपुट जुटा रही है और हथियारों के सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
कौन है नीरज बवाना
जरायम की दुनिया में दिल्ली के अंदर गैंगस्टर नीरज बवाना का बड़ा नाम है। करीब 19 साल पहले बवाना गांव के रहने वाले नीरज सहरावत ने क्राइम की दुनिया में कदम रखा था। वो अपने सरनेम के जगह की जगह अपने नाम के पीछे गांव का नाम लगाता है, अपराध की दुनिया में उसकी पहचान नीरज बवाना के नाम से होती है। नीरज के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और जान से मारने की धमकी जैसे करीब 40 संगीन मामले दिल्ली समेत कई राज्यों में दर्ज हैं। बताया जाता है कि दिल्ली की तिहाड़ जेल से ही अपना गैंग चलाता है।
ये भी पढ़ें: बाबा सिद्दीकी नहीं सलमान थे टारगेट, शूटर्स ने इसलिए बदल दिया प्लान; हत्या के 53 दिन बाद बड़ा खुलासा