लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी बहन बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ हिंसा प्रभावित संभल का दौरा करने निकल गए हैं। उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के पांच अन्य सांसद भी संभल दौरे के लिए निकले हैं। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने उन्हें जिले में पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। जगह-जगह यूपी पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी है।
राहुल गांधी का काफिला दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजीपुर सीमा पर पहुंच गया है। पहले से मुस्तैद पुलिस ने राहुल और प्रियंका के काफिले को बॉर्डर पर रोक लिया है। उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर किसानों के प्रदर्शन के चलते पहले से भारी जाम लगा है।
राहुल गांधी को गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने रोका
राहुल-प्रियंका का काफिला गाजीपुर बॉर्डर पहुंचा है। पुलिस ने यहां पहले से ही बैरिकेडिंग लगा रखी थी। यूपी पुलिस राहुल को आगे बढ़ने से रोक रही है। बॉर्डर पर भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस नेता के समर्थन में बिहार के पूर्णियां सांसद पप्पू यादव भी गाजीपुर बॉर्डर पहुंच गए हैं।