उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि युवा शक्ति की उपेक्षा कर कोई देश कभी आगे नहीं बढ़ सकता। मुख्यमंत्री ने यहां उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) के 115 वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘युवा शक्ति की उपेक्षा कर कोई देश कभी आगे नहीं बढ़ सकता। हमें उनकी भावनाओं को सम्मान करना होगा और उन्हें उचित अवसर देना होगा।”
उन्होंने कहा, ‘‘जिस देश की युवा शक्ति कुंठित, अपराध बोध से ग्रसित और दिग्भ्रमित हो, वह देश कभी आगे नहीं बढ़ सकता। जब भी परिवर्तन हुआ या होगा, युवा शक्ति ही करेगी। युवा शक्ति को केंद्र बिंदु के रूप में रखकर संस्थानों को खुद को तैयार करना होगा।’’
इस कॉलेज की प्रशंसा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उसने एक सदी में शिक्षा और जीवन के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, उसके प्रति केवल वाराणसी, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार ही नहीं, बल्कि समूचा प्रदेश एवं देश विनम्र भाव से कृतज्ञता ज्ञापित करता है।
योगी ने कहा कि यहां से शिक्षित-प्रशिक्षित स्नातक, परास्नातक, खिलाड़ी, कृषि, डेयरी समेत प्रत्येक क्षेत्र में मिलते हैं। इस मौके पर यूपी कॉलेज के बच्चों ने कुलगीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। योगी ने कहा कि राजर्षि की 175 वीं वर्षगांठ के कारण यह वर्ष उदय प्रताप कॉलेज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वाराणसी के एक दिवसीय दौरे में मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ एवं काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद गंगा द्वार से क्रूज में सवार होकर डोमरी के लिए रवाना हुए। कथा स्थल पर पहुंचते ही मंच पर सतुआ बाबा ने योगी का स्वागत किया। पूरे पंडाल में जयघोष होने लगा। डुमरी में गंगा किनारे प्रसिद्ध कथावाचक सिहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा किए जा रहे शिव पुराण कथा स्थल पर पहुंच कर योगी ने श्रद्धालुओं के साथ कथा सुनी।
इसे भी पढ़ें: संभल जामा मस्जिद केस, हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर को फोन पर धमकी