केंद्र सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि एक विशेष अभियान के दौरान केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के पेंशनभोगियों ने 77 लाख से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) तैयार किए। देशभर में एक से 30 नवंबर तक 800 शहरों और कस्बों में चलाए जा रहे ‘डीएलसी अभियान 3.0’ के तहत 17 नवंबर तक 1,575 शिविर लगाए गए।
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘अभियान के शुरू होने के दूसरे सप्ताह के अंत तक 77 लाख से अधिक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सफलतापूर्वक तैयार किए गए हैं , जिनमें से 90 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 1,77,153 पेंशनभोगी और 80-90 वर्ष की श्रेणी के 17,212 पेंशनभोगी अपने घर/कार्यालयों/शाखाओं से सुगमता से अपने डीएलसी जमा कर सके।’’
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘यह गति हमारे पेंशनभोगियों, बैंकिंग संस्थानों और सरकारी एजेंसियों की डिजिटल रूप से सशक्त भारत के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। सभी स्थानों पर सभी हितधारकों, विशेषकर बीमार/बहुत बुजुर्ग पेंशनभोगियों में काफी उत्साह देखा गया है।’’
इसे भी पढ़ें: UP बोर्ड परीक्षा का ऐलान, 24 फरवरी को होगा पहला पेपर