उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे जंक्शन पर शनिवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साझा अभियान में लगभग दो करोड़ रुपये का मादक पदार्थ (ऑक्सीटोसिन) बरामद किया गया। जीआरपी के अनुसार मामले में दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रकाश डी के निर्देश पर इस समय संदिग्ध तस्करों के खिलाफ अभियान चल रहा है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार आरपीएफ पोस्ट लखनऊ जंक्शन तथा जीआरपी थाना चारबाग की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे पार्सल के माध्यम से तस्करी कर बिहार राज्य से लाया जा रहा प्रतिबंधित मादक पदार्थ ऑक्सीटोसिन की बरामदगी की गयी।
आरोपियों की शिनाख्त बिहार राज्य के छपरा जिले के तेलपा निवासी संतोष सिंह और उप्र के सीतापुर जिले के चांदी के निवासी राम लोटन के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ मामला पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। पुलिस के अनुसार इस तस्करी में अन्य अज्ञात अपराधियों के सम्मिलित होने की भी पूर्ण संभावना है, जिनकी छानबीन कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: 7 शवों की पहचान, 3 की शिनाख्त जारी;झांसी अग्निकांड में 10 नवजातों की मौत