Jhansi Hospital Fire: उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार को भीषण आग लगने से 10 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे ने अस्पताल में हड़कंप मचा दिया, जिसमें परिजन और मरीज जान बचाने के लिए अफरातफरी में भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर 37 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के वक्त NICU में कुल 54 बच्चे भर्ती थे। झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक, मांगी 12 घंटे में रिपोर्ट
CM योगी ने लिखा कि, ‘झांसी जिले के मेडिकल कॉलेज के NICU में हुई दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करने का निर्देश दिया गया है. मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।’ मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से 12 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।