Today’s Weather Update: देश के कई राज्य जहां सर्दियों के मौसम का इंतजार कर रहे हैं वहीं, दिल्लीवाले जहरीले वायु प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। वैसे फिलहाल दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में धीरे-धीरे पारा लुढ़कने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज का मौसम विभिन्न राज्यों में कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में जहरीली हवा
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का लेवल गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। जिसके कारण लोगों को सांस लेने और देखने में काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में फिलहाल एयर क्वालिटी इंडेक्स 350 के पार है। वहीं दिल्ली के कुछ शहरों में एक्यूआई 400 का आंकड़ा भी पार कर चुका है। ऐसे में लोग वायु प्रदूषण से काफी परेशान हो चुके हैं। दूषित वायु में सांस लेने के कारण लोगों को कई तरह की बीमारियों और देखने की परेशानियों से भी जूझना पड़ रहा है।
दिल्ली में ठंड
वहीं अगर बात करें दिल्ली में ठंड की तो दिल्ली एनसीआर में धीरे-धीरे पारा लुढ़कने से ठंड बढ़ने लगी है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलने पर भले ही लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन घर में रह रहे लोगों को सुबह और शाम के साथ-साथ रात में भी ठंड सताने लगी है। मौसम विभाग का मानना है कि दिल्ली में जल्द ही कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है। लिहाजा दिल्ली वालों को गर्म कपड़े और बिस्तर के साथ तैयार रहना चाहिए।
इन राज्यों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही अगले 24 घंटों में अंडमान और निकोबार में तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तटीय लक्षद्वीप और दक्षिणी कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में छाया कोहरा
आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार के ज्यादातर जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहता है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा समेत कई अन्य राज्यों में भी सुबह और शाम के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। साथ ही इन राज्यों में सुबह और शाम की ठंड लोगों को महसूस होने लगी है। इसके अलावा राजस्थान में भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो अब उत्तर भारत में रहने वालों को कंबल और रजाई समेत गर्म कपड़े निकाल लेने चाहिए। ऐसा माना जा रहा है कि उत्तर भारत में क़ड़ाके की ठंड का आगाज जल्द ही होने वाला है।