Devender Singh Rana Death News: जम्मू कश्मीर चुनाव में नागरोटा सीट से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले विधायक देवेंद्र सिंह राणा इस दुनिया में नहीं रहे। गुरुवार (31 अक्टूबर) को उनका निधन हो गया। इलाज के दौरान 59 साल के देवेंद्र राणा ने फरीदाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
PM मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती समेत कई दिग्गज नेताओं ने उनके असामयिक निधन पर दुख जताया।
बिजनेसमैन से बने राजनेता
देवेंद्र सिंह राणा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे। उन्होंने व्यवसाय से राजनीति में कदम रखा था। देवेंद्र राणा को जम्मू के डोगरा समुदाय की सशक्त आवाज माना जाता था। वह एक समय में जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला के भरोसेमंद सहयोगी और पिछले कार्यकाल में राजनीतिक सलाहकार भी रहे हैं।
देवेंद्र सिंह राणा का जन्म जम्मू के डोडा जिले में साल 1965 में डोगरा परिवार में हुआ था। वह पूर्व नौकरशाह राजिंदर सिंह राणा के बेटे थे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह इनके भाई हैं।
ऐसा रहा राजनीतिक सफर
देवेंद्र राणा ने NIT कुरुक्षेत्र से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की और इसके बाद व्यवसाय में कदम रखा। उन्होंने अपनी खुद की ऑटोमोबाइल कंपनी की भी स्थापना की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक शीर्ष उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) पार्टी के साथ की थी। वह पार्टी के एक प्रमुख रणनीतिकार और सलाहकार के रूप में प्रमुखता से उभरे और प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में जम्मू में पार्टी का आधार बढ़ाया। साल 2014 में नेशनल कॉन्फ्रेंस की टिकट पर नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से देवेंद्र राणा ने पहली बार चुनाव लड़ा था और जीत भी दर्ज की। जिस नगरोटा सीट को BJP का गढ़ माना जाता था, वहां से उन्होंने तीन बार सांसद रहे जुगल किशोर शर्मा को हराकर जीत हासिल की थी।
चुनाव में नगरोटा सीट से भारी अंतर से जीते थे
नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ दो दशक से अधिक समय तक रहने के बाद देवेंद्र राणा ने साल 2021 में इस्तीफा दे दिया और फिर वह BJP में शामिल हो गए। जम्मू-कश्मीर में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में देवेंद्र राणा ने इस बार BJP की टिकट से नगरोटा सीट से दोबारा जीत हासिल की थी। वह 30 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीते थे। उन्होंने नगरोट से निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराया।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद देवेंद्र राणा जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के मुखर समर्थक रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने दिग्गज नेता के निधन पर दुख जताया। तो वहीं CM उमर अब्दुल्ला ने उनके साथ जुड़ी अपनी कुछ पुरानी यादें साझा की। वहीं, महबूबा मुफ्ती ने भी उनके निधन को ‘जम्मू कश्मीर के लिए बहुत बड़ी क्षति’ बताया।
देवेंद्र राणा के परिवार में उनकी पत्नी गुंजन राणा, दो बेटियां देवयानी और केतकी तथा एक बेटा अधिराज सिंह है।
यह भी पढ़ें: 5-7 के फेर में फंस गए हेमंत सोरेन; हलफनामे से खुलासा- 5 साल में झारखंड CM की उम्र 7 साल बढ़ी