Deoria Molestation: यूपी के देवरिया जिले में एक बेहद ही शर्मनाक और डराने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल से लौट रही 8वीं में पढ़ने वाली 2 छात्राओं के साथ दिनदहाड़े छेड़खानी की गई। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है। यकीन मानिए वीडियो देखकर आपके रौंगटे खड़े हो जाएंगे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर आप सोव में पड़ जाएंगे।
वीडियो में दिख रहा है कि बाइक सवार 4 गुंडे छात्राओं का पीछा कर रहे थे। इस दौरान डरी-सहमी छात्राओं ने दौड़ लगाकर जान बचाई। दोनों लड़कियां परीक्षा देकर लौट रही थीं, तभी उनके साथ ये घटना हुई। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है और छेड़खानी करने वालों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है।
छात्रा को खेत में खींचने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक बाइक सवार 4 युवकों ने पहले लड़कियों से छेड़खानी की, जिससे लड़कियां साइकिल से गिर गई। इसके बाद एक लड़के ने एक लड़की को धान के खेत में ले जाने की कोशिश भी की। हालांकि, इस पर छात्राएं चिल्लाने लगीं। वहीं, मौका पाकर एक छात्रा वहां से शोर मचाते हुए भागने लगी। जिसके बाद शोर सुनकर स्थानीय लोग भी पहुंच गए। लेकिन तबतक बाइक सवार भाग गए थे।
सुबह करीब 10 बजे की घटना, हर कोई सन्न
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना सुबह करीब 10 बजे की है। दोनो छात्राएं अर्धवार्षिक परीक्षा देकर घर लौट रही थीं। वह अपने गांव के बाइपास सड़क से जा रही थीं। इस बीच नहर के सुनसान रास्ते पर अकेला पाकर एक बाइक सवार चार शोहदे छात्राओं को रोककर छेड़खानी का प्रयास करने लगे। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी है।
घटना का वीडियो हो रहा वायरल
यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि शोहदे छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहे हैं और छात्राएं चिल्लाते हुए भाग रही हैं। पीड़ित छात्राओं के परिजनों ने तरकुलवां थाने में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी है। एस ओ मृत्युंजय राय ने बताया कि छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर चार अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- जंगल में विला, डांस करती अर्द्धनग्न लड़कियां; नोटों की बारिश… पुलिस देखते ही रेव पार्टी में हड़कंप