Rajasthan phone tapping: राजस्थान फोन-टैपिंग मामले में पूर्व सीएम अशोक गहलोत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है फोन टैपिंग मामले में दिल्ली पुलिस पूर्व सीएम अशोक गहलोत को नोटिस दे सकती है। आज ही उनके OSD रहे लोकेश शर्मा से दिल्ली पुलिस ने 5 घंटे की लंबी पूछताछ की है। पूछताछ के बाद लोकेश शर्मा ने भी अशोक गहलोत पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
लोकेश शर्मा ने रिटन स्टेटमेंट में कहा कि अशोक गहलोत ने ही मीडिया को क्लिप भेजने के लिए कहा था। पूछताछ के बाद लोकेश शर्मा ने कहा कि सचिन पायलट खेमे के फोन टैप अशोक गहलोत के कहने से होते थे। जिसकी रिकॉर्डिंग अधिकारी और पूर्व डीजीपी सीएम को उपलब्ध कराते थे। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के OSD रहे लोकेश शर्मा ने बताया कि मेरे पास जितने सबूत थे, मैंने दिल्ली पुलिस को उपलब्ध करा दिए है। अब आगे का काम दिल्ली पुलिस का है। दिल्ली पुलिस को अशोक गहलोत से भी पूछताछ करनी चाहिए।
गजेंद्र सिंह शेखावत की शिकायत के जांच
दिल्ली पुलिस केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की शिकायत के आधार पर फोन टैपिंग मामले की जांच रही है। बुधवार को लोकेश शर्मा को रोहिणी में स्थित दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि 2020 में राजस्थान में तत्कालीन कांग्रेस सरकार गिराने को लेकर शेखावत और कांग्रेस के कुछ नेताओं के बीच कथित तौर पर टेलीफोन पर हुई बातचीत की एक ऑडियो क्लिप खुद अशोक गहलोत ने उन्हें दी थी।
मार्च 2021 में हुई थी FIR
इसके विपरीत लोकेश शर्मा ने पहले कहा था कि उन्हें सोशल मीडिया पर तीन ऑडियो क्लिप मिले थे और उन्हें मीडिया संस्थानों को भेज दिया था। मार्च 2021 में, दिल्ली पुलिस ने शेखावत की शिकायत पर लोकेश शर्मा के खिलाफ आपराधिक साजिश, आपराधिक विश्वासघात और गैरकानूनी तरीके से टेलीफोन पर बातचीत को रिकॉर्ड करने के आरोप में FIR की गई थी। लोकेश शर्मा को पांचवीं बार पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच के सामने होना पड़ा है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने इससे पहले उनसे आखिरी बार 10 अक्टूबर, 2023 को पूछताछ की थी।
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु हत्याकांड में बड़ा अपडेट, महालक्ष्मी के 50 टुकड़े करने वाले का फंदे से लटक मिला शव