Shruti Choudhary Filed Nomination: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला और पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती और बीजेपी उम्मीदवार श्रुति चौधरी समेत कई नेताओं ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है।
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन ने पंचकूला विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, राज्य की 90 विधानसभा सीट के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।
तोशाम सीट से श्रुति चौधरी का नामांकन
आदित्य सुरजेवाला ने कैथल विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आदित्य के साथ उनके पिता और राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला भी थे। श्रुति चौधरी ने तोशाम सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ उनकी मां और राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब भी थे।
इस सीट से श्रुति चौधरी जीत चुकी हैं लोकसभा चुनाव
इस मौके पर श्रुति चौधरी ने कहा कि वे इससे पहले भी लोकसभा का चुनाव जीत चुकी है। क्षेत्र के विकास को लेकर वे निरंतर कार्य करेंगी और आने वाले दिनों मे जनता के बीच जाकर अपने पक्ष में मतदान की अपील करेंगी।
कांग्रेस उम्मीदवार अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र जिले की थानेसर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी थे। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन है।
16 सितंबर तक वापस लिए जा सकेंगे नामांकन
नामांकन पत्रों की जांच 13 सितंबर को की जाएगी और 16 सितंबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाने की कोशिश में है, लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जो सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव
हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 5 अक्टूबर को चुनाव होगा और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीफ 12 सितंबर है। हरियाणा में मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। 2019 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी और कांग्रेस ने 30 सीटें जीतीं। इस बार बीजेपी को उम्मीद है कि वो चुनाव जीतने के साथ सरकार में लौटने की हैट्रिक लगाएगी। हालांकि 10 साल से सत्ता से दूर रहने वाली कांग्रेस इस बार चुनाव में पार्टी को जीवित रखने की लड़ाई लड़ रही है। आम आदमी पार्टी के अलावा स्थानीय दल जेजेपी-इनेलो इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रही हैं।
यह भी पढ़ें: Kolkata Doctor Rape: रेपकांड के विरोध में सड़कों पर उग्र प्रदर्शन, BJP कार्यकर्ता-पुलिस आमने-सामने
यह भी पढ़ें: Jammu-Kashmir Election: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे सांबा, कांग्रेस पर कसा तंज