Kolkata Doctor Rape-Murder Case: पश्चिम बंगाल में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हुई हत्या के मामले में सियासत थमने का नाम ही नहीं ले रही है। सियासी दल इस हत्याकांड पर जमकर राजनीति करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस जघन्य अपराध को एक महीने से भी ऊपर का समय बीत चुका है। अपराधी को सजा नहीं मिली है लेकिन हंगामा पूरे देश में बरप रहा है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और ममता सरकार पर निशाना भी साधा। उन्हें इस बात की उम्मीद थी कि ममता इस रेप-मर्डर केस में कोई कड़ा एक्शन लेंगी लेकिन उन्होंने इस पर कोई खास कदम नहीं उठाया था। इस पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। वहीं टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी पर पलटवार भी किया है।
डॉक्टर की रेप और हत्या में ममता सरकार के कोई कड़ा एक्शन नहीं लेने की वजह टीएमसी के राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद बीजेपी नेता दिलीप घोष ने टीएमसी पर तंज कसा है तो आसनसोल से TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा, ‘मैंने डॉक्टरों की मांगों का समर्थन किया है। सीएम ममता बनर्जी द्वारा लाया गया बिल (अपराजिता महिला एवं बाल विधेयक) ऐतिहासिक है। इस मामले में किसी मुख्यमंत्री को दोष देना उचित नहीं होगा… जो मुद्दा है उसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।’
इसके पहले टीएमसी के राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार के पार्टी से इस्तीफा देने को लेकर बीजेपी नेता ने तंज कसते हुे कहा था कि कहा इन छोटे-छोटे इस्तीफे से काम नहीं चलने वाला हम तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस्तीफा मांग रहे हैं। वहीं इसके पहले जवाहर सरकार ने भी इस्तीफा देने के बाद ममता सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने सीएम ममता को लिखी गई चिट्ठी में ये कहा था कि वो अपनी संसद सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।