Maharashtra: महाराष्ट्र में महायुति सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख सामने आ गई है। 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5 बजे महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी महाराष्ट्र बीजेपी चीफ चन्द्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने लिखा, महाराष्ट्र में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गुरुवार, 5 दिसंबर, 2024 को शाम 5 बजे आजाद मैदान, मुंबई में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार
एक तरफ बीजेपी की ओर से महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान कर दिया गया है तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस अब भी बरकरार है। चुनावी नतीजों के एक हफ्ते बाद भी अभी तक मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं हो पाया है। अजित पवार पहले ही रेस से बाहर हो चुके हैं, एकनाथ शिंदे बीजेपी के मुख्यमंत्री को समर्थन देने की बात कह चुके हैं ऐसे में देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लगने की प्रबल संभावना बन रही हैं। हालांकि का बीजेपी शीर्ष नेतृत्व चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जाना जाता है, जैसा कि उन्होंने पिछली बार एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाकर किया था।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को प्रचंड जीत हासिल हुई है। 288 सीटों वाली विधानसभा में महायुति 233 सीटों पर जीतकर सरकार बनाने जा रही है। वहीं इंडिया गठबंधन को 49 सीट पर ही सफलता हाथ लगी है। अन्य के खाते में 6 सीटें आई हैं। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 149 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 132 सीटों पर जीत हासिल की है। शिवसेना (शिंदे) ने 57 तो एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली है। इंडिया गंठबंधन की तीनों ही पार्टियों के हाथ निराशा लगी है। शिवसेना यूबीटी- 20, कांग्रेस- 16 और एनसीपी (एसपी) को 10 सीट मिली हैं। समाजवादी पार्टी को 2 सीट पर जीत मिली है।
इसे भी पढ़ें: Maharashtra: अमित शाह के साथ मीटिंग… BJP सीएम के लिए शिंदे तैयार फिर महायुति में कहां फंसा पेच?