संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अफ़्रीकी संघ (African Union) को, अफ़्रीका में बहुपक्षवाद का ध्वजवाहक और विकासशील जगत के लिए न्याय की सामूहिक आवाज़ क़रार दिया है. इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में अफ़्रीकी संघ-संयुक्त राष्ट्र शिखर बैठक में शिरकत करने के लिए पहुँचे महासचिव ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि सुरक्षा परिषद में अफ़्रीका को स्थाई प्रतिनिधित्व न मिल पाने को स्वीकार नहीं किया जा सकता है.