Baba Ramdev: योगगुरु बाबा रामदेव ने सनातन बोर्ड को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सभी हिंदुओं से एकजुट रहने की अपील की है और कहा है कि एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। इसी दौरान बाबा रामदेव ने वक्फ बोर्ड को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हमला बोलते हुए कहा है कि ये लोग आगे वाले वक्त में पूरे भारत पर ही दावा ठोक सकते हैं।
बाबा रामदेव ने रिपब्लिक भारत से खास बातचीत में सनातन बोर्ड की मांग पर कहा- ‘सनातन बोर्ड कहो या हिंदू बोर्ड कहा, सभी सनातन धर्मियों को संगठित रहना चाहिए। जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव को भुला देना चाहिए। सब हिंदू एक मिलकर रहें। एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। ये संकल्प भी सब जगह गूंज रहा है।’
वक्फ बोर्ड के मुद्दे पर बाबा रामदेव का जवाब
वक्फ बोर्ड पर बोलते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि ये (वक्फ बोर्ड) अभी संसद भवन और मंदिरों पर दावा कर रहे हैं, लेकिन कल को पूरे भारत पर ही दावा ठोकने लगेंगे। ये भारत मूल्यत: सनातन धर्मियों का भारत है। हम किसी के ऊपर आपेक्ष नहीं कर सकते हैं, लेकिन मूल रूप से ये सनातन धर्मियों का देश है।
दिल्ली में सनातन बोर्ड की मांग को लेकर धर्म संसद
सनातन बोर्ड के मसले पर बाबा रामदेव ने ऐसे समय में प्रतिक्रिया दी है, जब दिल्ली में हिंदू संगठनों की धर्म संसद चल रही है। सनातन बोर्ड की मांग बढ़ने पर शीर्ष संत और आध्यात्मिक नेता धर्म संसद में शामिल हुए। देवकीनंदन ठाकुर कहते हैं, ‘सनातन बोर्ड का गठन सनातन न्यास और सनातन धर्म संसद की मांग है। हमने सभी राजनीतिक नेताओं और पार्टियों को पत्र भेजकर इस बोर्ड के गठन में उनका सहयोग मांगा है। संत समाज ने आज घोषणा की है कि हम हर जिले में सनातन बोर्ड की स्थापना करेंगे और सनातन न्यास इस लक्ष्य की दिशा में काम करेगा।’
यह भी पढे़ं: ‘किसी मुल्ला-मौलवी या पोप ने किया, जो बाबा रामदेव ने किया’, योग गुरु को क्यों आया गुस्सा?