महासागरों का दम घुट रहा है, और इसके लिए लालच, मुनाफ़ा कमाने की प्रवृत्ति ज़िम्मेदार है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने फ़्राँस के नीस शहर में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान विश्व नेताओं और ज़मीनी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि समुद्री जीवन के विध्वंस को रोकने के लिए शक्तिशाली हितों से टकराना होगा. उनके अनुसार, ग़ैरक़ानूनी ढंग से मछली पकड़े जाने, प्लास्टिक प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए तुरन्त क़दम उठाए जाने होंगे.