Delhi News: दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने मानहानि मामले में BJP सांसद बांसुरी स्वराज को नोटिस जारी किया है। बांसुरी को 20 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने को कहा गया है। AAP नेता सत्येंद्र जैन ने उन पर मानहानि का मुकदमा किया है।
बांसुरी स्वराज की पेशी के बाद कोर्ट शिकायतकर्ता सत्येंद्र जैन और उनके पक्ष के दो गवाहों के बयान दर्ज करेगा।
सत्येंद्र जैन ने बांसुरी पर क्या आरोप लगाए?
सत्येन्द्र जैन ने आरोप लगाया है कि बांसुरी स्वराज ने एक इंटरव्यू के दौरान उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थीं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि 5 अक्टूबर 2023 को एक टीवी चैनल पर दिए साक्षात्कार के दौरान यह टिप्पणी की गई थी, जिसे लाखों लोगों ने देखा है।
AAP नेता सत्येंद्र जैन ने दावा किया है कि यह टिप्पणी बांसुरी स्वराज ने उन्हें बदनाम करने और अनुचित राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए की थी।
दिल्ली के पूर्व मंत्री जैन ने आरोप लगाया कि बांसुरी स्वराज ने झूठा दावा किया कि उनके घर से 3 करोड़ रुपये बरामद हुए और उनके घर से 1.8 किलोग्राम सोना और 133 सोने के सिक्के मिले थे।
‘झूठे और दुर्भाग्यपूर्ण बयान देकर बदनाम किया’
सत्येंद्र जैन ने अपनी शिकायत में कहा कि बांसुरी स्वराज ने उन्हें ‘भ्रष्ट’ और ‘धोखेबाज’ करार देकर उनको लेकर कई झूठे और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए और इसके जरिए उन्हें बदनाम भी किया गया। उन्होंने कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से उनकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक छवि को काफी नुकसान पहुंचा। इसके साथ ही एक जन प्रतिनिधि के रूप में उनकी भूमिका, परिवार और समाज में उनकी प्रतिष्ठा पर असर पड़ा है।
जमानत पर जेल से बाहर हैं सत्येंद्र जैन
गौरतलब है कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा था। उनके खिलाफ CBI और ED ने मामला दर्ज किया था। फिलहाल वह जमानत पर जेल से बाहर हैं।
यह भी पढ़ें: ‘खून में सनातन’, सलमान खान बने संसार सिंह, हापुड़ में 45 परिवारों की हिंदू धर्म में की घर वापसी