Maharashtra News: महाराष्ट्र में महायुति की सरकार को लेकर तस्वीर अब साफ होने लगी है। CM पद को लेकर सस्पेंस भी खत्म हो गया। अजित पवार ने बड़ा दावा करते हुए बताया कि महाराष्ट्र में इस बार मुख्यमंत्री BJP का ही होगा। साथ ही उन्होंने महायुति की सरकार किस फॉर्मूले पर बनेगी, इसको लेकर भी बड़ा खुलासा किया।
महाराष्ट्र चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद सरकार बनाने को लेकर महायुति में पेंच लगातार फंसा हुआ है। नतीजे घोषित होने के 7 दिन बाद भी अब तक CM के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।
‘BJP का होगा CM और डिप्टी सीएम…’
इस बीच राज्य में नई सरकार को लेकर NCP चीफ अजित पवार का बड़ा बयान आया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई बैठक में ही यह फैसला हो गया था कि महायुति BJP के मुख्यमंत्री के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने खुलासा किया कि बाकी दोनों दल यानी एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उनके नेतृत्व वाली NCP के उपमुख्यमंत्री होंगे।
सरकार बनाने में देरी के सवाल पर अजित पवार ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है। अगर आपको याद हो 1999 में सरकार गठन में एक महीने का समय लगा था।
महाराष्ट्र में CM के नाम की अबतक आधिकारिक घोषणा तो नहीं हुई है। हालांकि देवेंद्र फडणवीस का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
5 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह
बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी सामने आ गई है। 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। कार्यक्रम में PM मोदी भी शामिल होंगे।
महाराष्ट्र BJP चीफ चन्द्रशेखर बावनकुले ने एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, “महाराष्ट्र में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गुरुवार, 5 दिसंबर, 2024 को शाम 5 बजे आजाद मैदान, मुंबई में आयोजित किया जाएगा।”
चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को प्रचंड जीत हासिल हुई है। 288 सीटों वाली विधानसभा में महायुति 233 सीटों पर जीतकर सरकार बनाने जा रही है। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 149 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 132 सीटों पर जीत हासिल की है। शिवसेना (शिंदे) ने 57 तो एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली है।
यह भी पढ़ें: ‘AI की पढ़ाई के बजाए ASI की खुदाई…’, बदायूं जामा मस्जिद-नीलकंठ महादेव मंदिर विवाद पर बिफरे ओवैसी