President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि देश की 64 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए गांवों का विकास महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रपति ने 45 पंचायतों को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि सरकार ने ठोस परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से पिछले दशक में पंचायतों के सशक्तीकरण के लिए गंभीर प्रयास किए हैं।
एक बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति ने कहा कि देश की लगभग 64 प्रतिशत जनसंख्या गांवों में रहती है। उन्होंने कहा, “इसलिए, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए गांवों और ग्रामीणों का विकास और सशक्तीकरण महत्वपूर्ण है।”
जमीनी स्तर पर समावेशी और सतत विकास को आगे बढ़ाने में उनके अनुकरणीय प्रयासों के लिए 45 पंचायतों को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्रदान किए गए। इन पंचायतों में से 17 का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बना रही हैं। उन्होंने कहा, “यह प्रसन्न्ता की बात है कि महिला प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
मुर्मू ने उनसे पंचायतों में निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में निडरतापूर्वक और पूरी दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
इसे भी पढ़ें: गपशप, फोटोज और… कपूर खानदान ने PM मोदी से दिल खोलकर की बात, Photos