Brij Bhushan Singh On Vinesh Phogat : भारतीय स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती के अखाड़े से संन्यास लेकर सियासी ‘दंगल’ में किस्मत आजमाने का फैसला किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश ने फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन इसके बाद उनपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फाइनल मैच की सुबह उनका वजन तय सीमा (50 किलो) से 100 ग्राम अधिक निकला और उन्हें डिसक्वालीफाई कर दिया गया।
इसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल से भी हाथ धोना पड़ा था। इस खबर से सिर्फ विनेश फोगाट को ही नहीं बल्कि पूरे भारत को बड़ा झटका लगा था, लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने विनेश पर बड़ा खुलासा किया है।
विनेश फोगाट पर क्या बोले बृजभूषण सिंह?
विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। उन्हें उनके ससुराल जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया है। इस बीच भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने दावा किया कि विनेश फोगाट मेडल इसलिए नहीं जीत सकीं क्योंकि भगवान ने उन्हें दंडित किया है।
बता दें कि विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर महिला रेसलर्स के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया था। इसके बाद बृजभूषण ने मीडिया से बातचीत कर कहा था कि ये आरोप गलत हैं और अगर ये साबित हो गया तो वो फांसी पर लटकने के लिए भी तैयार हैं।
बजरंग पूनिया पर भी साधा निशाना
भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया भी विनेश फोगाट के साथ-साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बजरंग पर निशाना साधते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर कोई बेटियों को अपमान करने का दोषी है तो वो बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट हैं। दोनों ने इसकी पटकथा लिखी और भूपिंदर हुड्डा भी इसके जिम्मेदार हैं।
बताते चलें कि विनेश फोगाट पहले महिलाओं की 53 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा में हिस्सा लेती थीं। लेकिन पेरिस ओलंपिक से पहले हुए ट्रायल में उन्होंने 50 किलो वर्ग से अखाड़े में उतरने का फैसला किया था। पेरिस ओलंपिक में उनका वजन 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक हो गया और इसके चलते उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें: BAN के खिलाफ बेंच पर बैठेंगे सरफराज! ये खिलाड़ी जगह लेने को तैयार, देखें भारत की संभावित प्लेइंग XI