प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक और वरिष्ठ नेता शरद पवार को उनके 84वें जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को बधाई दी। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राज्यसभा के सदस्य और वरिष्ठ नेता शरद पवार जी को उनके जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं। मैं उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’
देश के सबसे अनुभवी नेताओं में शामिल पवार का जन्म 12 दिसंबर 1940 को हुआ था। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में सेवाएं दी हैं और वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं।
एनसीपी (एसपी) नेता और राज्यसभा सदस्य शरद पवार आज 84 वर्ष के हो गए हैं। सुबह-सुबह उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर ढेर सारे लोग उनको बर्थडे विश करने पहुंचे। उनमें सबसे खास मेहमान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार रहे। भतीजे अजित पत्नी सुनेत्रा पवार और अपनी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं प्रफुल पटेल, छगन भुजबल के साथ चाचा शरद पवार को जन्मदिन पर विश करने के लिए पहुंचे। इस बीच एक खबर ये भी आ रही है कि सुनेत्रा पवार को शरद पवार के ठीक सामने वाला बंगला आवंटित किया गया है। सुनेत्रा को सोनिया गांधी के पड़ोस में 11 जनपथ बंगला आवंटित किया गया है। शरद पवार का बंगला ठीक सामने 6 जनपथ है।