Parliament: प्रताप सारंगी के अलावा संसद में हुए धक्काकांड में बीजेपी के एक और सांसद मुकेश राजपूत भी चोटिल हो गए हैं। बताया जा रहा है मुकेश राजपूत की हालत गंभीर है और उन्हें दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बीजेपी सांसदों को धक्का देने का आरोप लगा है।
बाबासाहेब अंबेडकर पर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच संसद में धक्काकांड हुआ है। भीमराव अंबेडकर पर अमित शाह की टिप्पणी को लेकर विपक्ष के सांसद संसद के ‘मकर द्वार’ पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के धक्का देने के कारण बीजेपी के दोनों सांसद घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और शिवराज सिंह चौहान ने उनसे मुलाकात की है।
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर संसद परिसर में दो BJP सांसदों के साथ शारीरिक मारपीट करने का आरोप लगाया। राहुल की हरकतों की निंदा करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि उनके और कांग्रेस के सांसदों की ओर से शक्ति प्रदर्शन बहुत गलत था। किरेन रिजिजू ने कहा- ‘जब एनडीए के सांसद मकर द्वार पर विरोध कर रहे थे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के सांसद आए और उन्होंने बीजेपी के दो सांसदों पर हमला किया> उन्हें धक्का दिया और अन्य सांसदों के साथ भी धक्का-मुक्की की। BJP के दो सांसद प्रताप सिंह सारंगी और मुकेश राजपूत को गंभीर चोटें आई हैं।’
यह भी पढ़ें: प्रताप सारंगी हुए चोटिल, निशिकांत का गुस्सा देख राहुल उल्टे पैर लौटे