Delhi News: दिल्ली के सीलमपुर से पारिवारिक झगड़े के दौरान महिला को गोली लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के घरवालों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जो बढ़ती चली गई।
यह पूरा मामला दिल्ली के सीलमपुर का बताया जा रहा है। जहां पति-पत्नी के परिवार के बीच कुछ वैवाहिक विवाद चल रहा था। इसी बीच महिला के भाईयों ने गोली चलाई जो उल्टा उन्हीं की बहन को लग गई। इसके बाद घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिवार में चल रहा था वैवाहिक विवाद
जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम सादिया (21) है जो गाजियाबाद के शहीद नगर इलाके की रहने वाली है। उसकी शादी वेलकम के लोहा मार्केट में रहने वाले जिशान से हुई है। पुलिस का कहना है कि जीशान और सादिया के परिवार के सदस्यों के साथ कुछ वैवाहिक विवाद चल रहा है। बढ़ते विवाद के बीच सादिया ने अपने चार भाइयों तफसीर, शहजाद, गुलरेज और मुंतहिर को अपने ससुराल दिल्ली के वेलकम सीलमपुर दिल्ली में बुलाया। जब चारों भाई वहां पहुंचे तो दोनों परिवारों के बीच पहले से ही लड़ाई-झगड़ा हो रहा था।
पूछताछ में जुटी पुलिस
इसी झगड़े के बीच आगबबूला हुए सादिया के भाई मुंतहिर ने पिस्तौल उठाई और गोली चला दी। भाई की पिस्तौल से निकली गोली सीधा सादिया के पेट में लगी। इसके बाद सादिया को बिना देरी के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर चारों आरोपियों को पकड़ लिया है और आगे की पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सपा की तीसरी पीढ़ी की राजनीति में एंट्री? अब्दुल्ला के शपथ ग्रहण में नजर आईं अखिलेश की बेटी अदिति